कलकत्ता उच्च न्यायालय में सरकारी वकीलों का नया पैनल गठित
- DSS Admin
- May 20, 2026
कोलकाता, 20 मई (हि.स.)। कलकत्ता हाई कोर्ट में सरकारी अधिवक्ताओं के नए पैनल का गठन किया गया है। राज्य में नई सरकार के गठन के बाद कानूनी पैनल में यह बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
जारी अधिसूचना के अनुसार वरिष्ठ अधिवक्ता राजदीप मजूमदार को अतिरिक्त महाधिवक्ता (एएसजी) नियुक्त किया गया है। वे कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक इस पद पर कार्यरत रहेंगे। इसके साथ ही सार्वजनिक अभियोजक के रूप में कल्लोल मंडल को नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त अधिवक्ता नीलांजन भट्टाचार्य को वरिष्ठ स्थायी अधिवक्ता तथा अधिवक्ता दिव्येन्द्र नारायण को सरकारी अधिवक्ता के रूप में नियुक्त किया गया है। यह सभी नियुक्तियां बुधवार से प्रभावी हो गई हैं।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव न्यायिक कार्यों में प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने और सरकारी मामलों की पैरवी को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

