ससुरालियों पर मायके का आरोप, बेटी की हत्या कर शव गायब करने की कोशिश की

-परिजनों ने लगाया दो लाख रुपये और बुलेट के लिए हत्या का आरोप

हमीरपुर 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने और लाश गायब करने के प्रयास का सनसनीखेज मामला बुधवार को सामने आया है। मृतका की मां ने बेटी के पति, सास, ननद और देवर के खिलाफ सुमेरपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

निवादा थाना बिवांर निवासी छाया देवी ने सुमेरपुर थाने में दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी पुत्री दीपिका की शादी चार साल पहले चन्दपुरवा निवासी जनार्दन के साथ हिंदू रीति रिवाज से की थी। कुछ दिनों बाद से ही पति, सास, ननद और देवर दीपिका से अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटर साइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पुत्री के साथ लगातार मारपीट और बेइज्जती की जाती थी। जिस पर वह कई बार ससुराल जाकर समझाने का प्रयास कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उनके पति नहीं हैं और आर्थिक स्थिति सही नहीं है, लेकिन ससुरालीजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर दीपिका को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या कर दी। इसके बाद लाश गायब करने का प्रयास किया गया। पीड़िता की मां ने बुधवार को चारों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष सुमेरपुर दुर्गेश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर