गडकरी ने आंध्र प्रदेश की 8,512 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को आंध्र प्रदेश की 8,512 किमी लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव की समीक्षा की। यह समीक्षा मीडिया और सोशल मीडिया से प्राप्त सुझावों के आधार पर की गई।
मंत्रालय ने बताया कि सोमवार को यहां हुई बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और परियोजना ठेकेदार शामिल हुए।
गडकरी ने बैठक में समयबद्ध कार्यान्वयन, सख्त गुणवत्ता मानकों का पालन और आधुनिक निर्माण तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे राजमार्गों की आयु बढ़ेगी, संपर्क सुगम होगा, आर्थिक विकास को गति मिलेगी और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित होगी।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को व्यापक मानसून तैयारी के निर्देश भी दिए। इसमें निवारक उपाय, प्रभावी जल निकासी प्रबंधन और मजबूत प्रतिक्रिया प्रणाली शामिल हैं, ताकि बारिश के दौरान यातायात में व्यवधान कम हो और सड़क सुरक्षा व टिकाऊपन सुनिश्चित किया जा सके।
---------------

