नूंह: बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलसा युवक

नूंह, 05 जून (हि.स.)। नूंह-पलवल रोड स्थित सर्किट हाउस के सामने शुक्रवार को एक युवक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घायल युवक को उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया।

घटना स्थल पर जांच के दौरान पुलिस को एक प्लास और कुल्हाड़ी पड़ी हुई मिली। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक बिजली के तार काटने या चोरी करने के प्रयास में लाइन की चपेट में आया हो सकता है। अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

बिजली विभाग के एसडीओ हरि किशन ने बताया कि झुलसा हुआ व्यक्ति विभाग का कर्मचारी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर मामला बिजली के तारों से छेड़छाड़ या चोरी के प्रयास का प्रतीत हो रहा है। विभाग की ओर से भी मामले की जांच की जा रही है।

वहीं, सदर थाना नूंह प्रभारी प्रवीण ने बताया कि घायल युवक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। युवक गंभीर रूप से झुलसा हुआ है और उसका मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में उपचार जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है तथा घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से मिले उपकरणों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवक के होश में आने और उसकी पहचान होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटे हुए हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर