घर के बाहर खेल रहे बच्चे ने सांप को दांतों से काट डाला
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
देवरिया, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सोपरी बुजुर्ग गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। घर के बाहर खेल रहे 18 माह के मासूम ने सांप के बच्चे को मुंह में डाल कर दांत से काट काट अलग-अलग हिस्सा कर दिया ।परिवार के लोगों ने इलाज के लिएमेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया ।चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद सेगोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया । जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार,गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सोपरी बुजुर्ग गांव निवासी जशवंत निषाद का पुत्र पीयूष (18 माह) जो बाहर खेल रहा था। इसी दौरान उसे एक छोटा सांप दिखाई दिया। परिजनों के मुताबिक, मासूम ने उसे खेलते-खेलते मुंह में डाल कर काटने लगा। कुछ देर बाद परिवार के लोगों की नजर बच्चे पर पड़ी तो उसके पास सांप का कटा हुआ हिस्सा पड़ा मिला।
यह दृश्य देखकर परिजन घबरा गए और तत्काल बच्चे को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया ।
वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा ने बताया कि विषैले जीव-जंतुओं के संपर्क में आने पर तत्काल उपचार और लगातार चिकित्सकीय निगरानी आवश्यक होती है। उन्होंने अभिभावकों से छोटे बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि यदि कोई बच्चा या व्यक्ति सांप अथवा अन्य विषैले जीव के संपर्क में आता है, तो घरेलू उपचार या झाड़-फूंक पर भरोसा न करें। ऐसे मामलों में तुरंत निकटतम अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सहायता लेना ही सबसे सुरक्षित और प्रभावी उपाय है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं परिजन बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। यह घटना छोटे बच्चों की सुरक्षा और उन पर सतत निगरानी की आवश्यकता को भी उजागर करती है।
-

