जींद : ऑनलाइन टास्क फ्रॉड के आरोप में उत्तर प्रदेश से एक युवक काबू
- Vijesh Sharma
- Jun 11, 2026

जींद, 11 जून । साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम टीम ने ऑनलाइन टास्क एवं पार्ट टाइम जॉब के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
साइबर थाना प्रभारी उप निरीक्षक जगदीप सिंह ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे व्हाट्सअप के माध्यम से पार्ट टाइम जॉब का लालच देकर आरोपितों ने विभिन्न बैंक खातों एवं यूपीआई आईडी में बार-बार कुल तीन लाख 46 हजार जमा करवा लिए थे। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने जांच के दौरान विभिन्न बैंकों से प्राप्त खातों की जानकारी, केवाईसी दस्तावेजों, बैंक स्टेटमेंट एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
इस मामले में गांव ढेला अहीर जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) निवासी आबिद का नाम सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आबिद को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आबिद की निशानदेही पर धोखाधड़ी की राशि में से 12 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
साइबर थाना प्रभारी उप निरीक्षक जगदीप सिंह ने कहा कि पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सअप, टेलीग्राम अथवा अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर मिलने वाले पार्ट टाइम जॉब, ऑनलाइन टास्क, निवेश एवं अधिक लाभ के प्रलोभनों से सावधान रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था के कहने पर अपने बैंक खाते, यूपीआई अथवा अन्य माध्यमों से धनराशि स्थानांतरित न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।
---------------

