कोर्ट में पेशी के लिए आया 20 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर, पुलिस ने दबोचा

कानपुर, 29 जून (हि.स.)। गैंगस्टर एक्ट के एक 20 हजार रुपये के इनामी आरोपित को चकेरी पुलिस और पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया। आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था और अपने मुकदमे की पैरवी व न्यायालय में पेशी के लिए कानपुर आने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने साेमवार काे बताया कि शातिर की पहचान वाहिद उर्फ वाजिद निवासी ग्राम टण्डा बादली, थाना टाण्डा, जनपद रामपुर तथा वर्तमान निवासी ग्राम बरैनी, थाना बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना चकेरी में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह अपने मुकदमे की पैरवी और न्यायालय में हाजिर होने के लिए कानपुर आया है। सूचना के आधार पर चकेरी पुलिस और पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम ने लखनऊ-रामादेवी रैम्प के पास घेराबंदी कर आज उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपित को थाना चकेरी लाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की गई और न्यायालय में पेश किया गया।

शातिर के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, लूट, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में कानपुर नगर, रामपुर और चंदौली जनपदों में 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है तथा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर