हमीरपुर पंचायत में 21 लाख का देवत प्लांट शुरू, जसरोटिया ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण की ओर बड़ा कदम

21 lakh Devat plant has been commissioned in Hamirpur Panchayat, Jasrotia said, a major step towards water conservation in rural areas.


कठुआ, 27 मई । जसरोटा से भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने पंचायत हमीरपुर में 21 लाख की लागत से निर्मित 15 केएलडी क्षमता वाले देवत (डिसेंट्रलाइज्ड वेस्टवाटर ट्रीटमेंट) प्लांट का उद्घाटन किया। यह प्लांट घरेलू ग्रे-वॉटर (नहाने, कपड़े धोने आदि का पानी) को वैज्ञानिक तरीके से शुद्ध कर पुन उपयोग के योग्य बनाएगा।

इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा देना जल प्रदूषण को कम करना और भूजल स्तर को बेहतर बनाना है। इस प्लांट से उपचारित पानी का उपयोग सिंचाई और अन्य गैर-पीने योग्य कार्यों में किया जा सकेगा जिससे ताजे पानी पर दबाव भी कम होगा। उद्घाटन के दौरान विधायक राजीव जसरोटिया ने कहा कि इस तरह की योजनाएं ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस प्लांट के रखरखाव में सहयोग करें और जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि देवत सिस्टम न केवल स्वच्छता सुधारने में मदद करेगा बल्कि लोगों में जल प्रबंधन के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगा, जिससे गांवों में साफ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित होगा।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद विधायक ने पंचायत मंग्लूर ईस्ट के अंतर्गत लडोली, सौन्थल और लोगेट गांवों का दौरा कर जनसभाएं कीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़कों की मरम्मत, बिजली की अनियमित आपूर्ति, सिंचाई सुविधाएं, पेयजल समस्याएं और लंबित विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे उठाए। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जायज मांगों का समाधान चरणबद्ध और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इस दौरान मंडल प्रधान मुकेश रोनी सहित कई सरपंच और पंच मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने देवत प्लांट की स्थापना और विधायक के जनसंपर्क अभियान की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

---------------

   

सम्बंधित खबर