मध्य निषेध एवं उत्पाद विभाग ने 2170 लीटर विदेशी शराब के साथ आठ को किया गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 21, 2026

सारण, 21 मई (हि.स.)। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग ने जिला अंतर्गत अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है। उत्पाद अधीक्षक केशव कुमार झा ने बताया कि इस कार्रवाई में कुल 2170.80 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल हो रहे 6 वाहनों को जब्त कर आठ तस्करों को दबोचा गया है।
विभाग द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई। भेलदी थाना क्षेत्र के सोनहों टोल प्लाजा के पास से एक एक्सयूवी कार से 222 लीटर शराब बरामद कर सिवान के उसरार आलम और सारण के चंचल महतो को गिरफ्तार किया गया। वहीं, गड़खा थाना क्षेत्र में एक मारुति कार से 120.96 लीटर शराब के साथ आरोपी दीपक राय को पकड़ा गया। जबकि दिघवारा थाना के आमी फोरलेन पर मारुति जेन कार से 91.20 लीटर शराब जब्त कर विवेक और रंजन कुमार को दबोचा गया।
इस अभियान में मध्य निषेध एवं उत्पाद विभाग को सबसे बड़ी सफलता मुफ्फसिल और नगर थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई के दौरान मिली, जहाँ एक कार और पिकअप से सर्वाधिक 1676.16 लीटर विदेशी शराब जब्त कर तीन आरोपियों रोहित, पंकज और मदन को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके अलावा मांझी के गोरहर में भी एक कार से 60.48 लीटर शराब बरामद हुई, हालांकि इसके आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और मामले की आगे की जांच में जुटी है।
---------------

