बडगाम जिले के नस्रुल्लापोरा इलाके के कौनार में एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त, चालक समेत पच्चीस लोग घायल
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
बडगाम, 01 जुलाई (हि.स.)। बुधवार को बडगाम जिले के नस्रुल्लापोरा इलाके के कौनार में एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें चालक समेत कम से कम पच्चीस लोग घायल हो गए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह बस बीरवाह से बडगाम जा रही थी। दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है।
आपातकालीन बचाव दल के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही नस्रुल्लापोरा के स्थानीय निवासी मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहन से घायल यात्रियों को निकालने में मदद की।
घायलों को बडगाम के उप-जिला अस्पताल (एसडीएच) में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।
---------------

