यमुना जल समझौता राजस्थान के जल भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम- केके गुप्ता
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
डूंगरपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान के जल संकट को दूर करने और करोड़ों लोगों को जल सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सतत प्रयासों, प्रभावी संवाद और केंद्र व पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर समन्वय के चलते वर्षों से लंबित यमुना जल बंटवारे को लेकर राजस्थान और हरियाणा सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता संपन्न हो गया है। तीन दशक पुराने इस संवेदनशील मुद्दे के समाधान को राजस्थान के दूरगामी विकास और नई उम्मीदों के द्वार के रूप में देखा जा रहा है। इस ऐतिहासिक निर्णय पर स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के प्रदेश ब्रांड एम्बेसडर केके गुप्ता ने गहरा हर्ष व्यक्त करते हुए इसे मुख्यमंत्री की मजबूत प्रतिबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली सोच का परिणाम बताया है।
भौगोलिक रूप से देश के सबसे बड़े राज्य राजस्थान के लिए पानी हमेशा से एक बड़ी चुनौती रहा है, विशेषकर शेखावाटी सहित कई क्षेत्रों में पेयजल और सिंचाई का संकट एक गंभीर समस्या बनी हुई थी। इस समझौते के बाद अब प्रदेश के इन प्रभावित इलाकों में जल की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे न केवल आमजन को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलेगी बल्कि कृषि क्षेत्र को भी भारी मजबूती मिलेगी। पानी की सुगम उपलब्धता से किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट कम होगा और स्थानीय स्तर पर आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
---------------

