शादी का झांसा देकर रिटायर्ड टेक्निशियन से 9.50 लाख की ठगी, तीन अंतरराज्यीय आरोपित गिरफ्तार

रायपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। शादी का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त टेक्निशियन से 9.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले ओडिशा के तीन अंतरराज्यीय आरोपितों को रायपुर पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने मैरिज ब्यूरो के माध्यम से पीड़ित से संपर्क कर शादी का भरोसा दिलाया और अलग-अलग बहाने बनाकर लाखों रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनहरण टिकरिहा ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई थी कि, दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो के जरिए उसकी पहचान रजनी शर्मा नाम की महिला से हुई। महिला ने खुद को कोरबा निवासी और रेलवे इंजीनियर से सेवानिवृत्त बताया। बातचीत के दौरान उसने शादी, पारिवारिक कार्यक्रम, दुर्घटना और इलाज जैसे विभिन्न बहाने बनाकर 15 जून 2025 से 9 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग किश्तों में करीब 9.50 लाख रुपये अपने बैंक खातों में जमा करा लिए। इसके बाद महिला ने अपना मोबाइल बंद कर लिया।

शिकायत के आधार पर थाना आजाद चौक में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 111(1), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल और पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल नंबरों की जांच और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उन्हें ओडिशा के बलांगीर जिले में लोकेट किया गया।

पुलिस टीम ने बलांगीर पहुंचकर पहले जसवंत डूण्डी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर मनोज राणा और यश नायक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में जसवंत डूण्डी (27 वर्ष ), निवासी जिला बलांगीर, ओडिशा, मनोज राणा (33वर्ष ), निवासी जिला बलांगीर, ओडिशा, यश नायक (20वर्ष ), निवासी जिला सम्बलपुर, ओडिशा है।

गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से मामले से संबंधित तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं जोड़ते हुए कार्रवाई की है। वहीं, इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

   

सम्बंधित खबर