सारण, 08 जून (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। इस सघन अभियान के दौरान पिछले 24 घंटे में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 37 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विभिन्न मामलों के 17 वारंटी, शराब कारोबार मामले में 09, शराब का सेवन करने के मामले में पांच, हत्या के प्रयास का मामले में एक, अपहरण के मामलों में दो और चोरी के मामलों से जुड़े तीन अभियुक्त शामिल हैं। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने न्यायालय द्वारा जारी 122 वारंट और 30 कुर्की का भी निष्पादन किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 9,555.82 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इसमें 113 लीटर देशी शराब और भारी मात्रा में 9,552.82 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाले एक ट्रक और तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। इस अभियान के दौरान पुलिस ने चार अपहृत युवतियों/महिलाओं को भी बरामद किया है।
वहीं जिला पुलिस ने यातायात सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया। इसके तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले चार वाहनों से कुल दस हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूली। वरीय पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और अवैध धंधेबाजों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------

