
सीवान, 03 जुलाई (हि.स.)। सीवान सदर अस्पताल परिसर में शुक्रवार को पुलिस टीओपी (टाउन आउट पोस्ट) का विधिवत शुभारंभ हो गया। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने संयुक्त रूप से टीओपी का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही टीओपी ने अपना कार्य प्रारंभ कर दिया। अस्पताल परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, घटना-दुर्घटना से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन तथा मरीजों, चिकित्सकों और उनके परिजनों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इसकी स्थापना की गई है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि टीओपी में एक पुलिस पदाधिकारी एवं छह पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी 32 थाना क्षेत्रों से सड़क दुर्घटना, मारपीट, आपराधिक घटनाओं तथा अन्य मामलों में घायल लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जाता है। अब ऐसे मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया, घटनाओं का प्रतिवेदन तैयार करने और संबंधित थानों के साथ समन्वय स्थापित करने का कार्य अस्पताल परिसर स्थित टीओपी से ही किया जाएगा। इससे पुलिस कार्रवाई में तेजी आएगी और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था भी अधिक प्रभावी होगी।
जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि पुलिस टीओपी शुरू होने से मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। सड़क दुर्घटना सहित अन्य मामलों में पुलिस से संबंधित कार्रवाई अब अस्पताल परिसर में ही पूरी हो सकेगी, जिससे समय की बचत होगी और त्वरित सहायता मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि कई बार मरीज की गंभीर स्थिति या चिकित्सीय जटिलताओं के कारण तनावपूर्ण माहौल बन जाता है। ऐसे समय पुलिस की मौजूदगी से स्थिति को नियंत्रित करने में आसानी होगी तथा डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य अस्पताल में सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
गौरतलब है कि सदर अस्पताल परिसर में लगातार वाहन चोरी, मारपीट, हंगामा और अन्य आपराधिक घटनाओं की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसे देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर अस्पताल परिसर में स्थायी पुलिस टीओपी स्थापित करने का अनुरोध किया था। इसके बाद 30 जून को अस्पताल प्रशासन ने मुख्य प्रवेश द्वार के समीप दो कमरे पुलिस विभाग को उपलब्ध करा दिए थे। गुरुवार को अस्पताल में हुई हिंसक घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए टीओपी को संचालित करने का आदेश जारी किया।
उद्घाटन समारोह में अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. ओ.पी. लाल,डीआईओ डॉ अरविंद कुमार,जिला कार्यक्रम प्रबंधक विशाल कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन के कई अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

