अंधेरी के 498 भूखंडों का होगा सामुहिक पुनर्विकास

मुंबई, 23 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने अंधेरी पश्चिम के सरदार वल्लभभाई पटेल नगर कॉलोनी के 498 भूखंडों पर लगभग 4,973 फ्लैटों के सामुहिक पुनर्विकास परियोजना के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस प्रस्ताव को मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई।

म्हाडा इस पुनर्विकास परियोजना को बांद्रा रिक्लेमेशन, आदर्श नगर, वर्ली में पुनर्विकास परियोजनाओं की तर्ज पर लागू करेगी। इसके लिए आवास विभाग के सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय समिति भी बनाई जाएगी। इस समिति के माध्यम से इस जगह का सामूहिक पुनर्विकास किया जाएगा। सरदार वल्लभभाई पटेल नगर का यह भूंखड 1993 में विश्व बैंक की एक परियोजना के तहत आवंटित की गया था। इस जमीन पर 98 सहकारी आवास सहकारी सोसायटियां हैं। उच्च आय वर्ग के अपार्टमेंट के अंतर्गत 24 भूखंड भी हैं। इसके अलावा 60 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले 62 भूखंड और नीजि 100 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले 245 भूखंड हैं। म्हाडा ने बृहन्मुंबई विकास नियंत्रण नियमों के अनुसार यहां की इमारतों का पुनर्विकास करने का प्रस्ताव रखा है। इसका अत्याधुनिक रीडेवलेपमेंट करने का प्लान है। इसके माध्यम से निवासियों को बड़े घर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

यहां अधिक हरित क्षेत्र, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं, वाणिज्यिक स्थानों को टाउनशिप तरीके से नियोजित करने की अनुमति मिलेगी। खेल के मैदान, मनोरंजन के मैदान, व्यायामशाला, स्विमिंग पूल, सभागार और संस्था कार्यालय शामिल होंगे। जलापूर्ति, सीवेज, बिजली और अन्य सुविधाएं भी आधुनिक रूप में उपलब्ध कराई जाएंगी। ग्रीन बिल्डिंग डिजाइन, जिसमें सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और अपशिष्ट प्रबंधन जैसी सुविधाओं पर भी विचार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

   

सम्बंधित खबर