एएनटीएफ व बबीना पुलिस ने बोरियों में भरे गांजा व कार समेत दोनों को दबोचा
झांसी, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ थाना झांसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 लाख रुपये कीमत का 70 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजे की खेप ले जा रहे दो तस्करों को कार सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बुधवार काे बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान एएनटीएफ टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बबीना थाना क्षेत्र स्थित विधान ट्रेडिंग कंपनी के पास घेराबंदी कर कार संख्या यूपी 80 जीएच 0577 को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार में अलग-अलग बोरियों में रखा हुआ 70 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में अपने नाम शिवकुमार निवासी सासनी, हाथरस तथा वेताली पुत्र रामबाबू निवासी मालपुरा, आगरा बताए। दोनों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा खरीदकर आगरा, हाथरस, मथुरा समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे।
पुलिस ने बरामद गांजा, तस्करी में प्रयुक्त कार को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
---------------

