सरकारी गोदाम में आग लगी, हजारों किलो मूंगफली खाक

सुरेन्द्रनगर, 6 मार्च (हि.स.)। सुरेन्द्रनगर जिले के थान में मूंगफली के गोदाम में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से सरकारी खरीद का हजारों किलो मूंगफली जलकर राख हो गई। थानगढ़ और चोटिला से घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियाें ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंगफली की खरीदी कर उसे फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) के गोदाम में रखा गया था। आज सुबह अचानक गोदाम में आग लग गई। घटना की खबर मिलते ही थानगढ और चोटिला थाना से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। जेसीबी समेत अन्य साधनों की मदद से गोदाम की दीवार और दो शटरों को तोड़ा गया। इसके बाद विकराल हुई आग को बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। करीब दो घंटे की जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना के संबंध में थानगढ़ तहसीलदार एनआर पटेल ने बताया कि सरकारी गोदाम में समर्थन मूल्य पर मूंगफली की खरीदी कर रखा गया था। गोदाम में मूंगफली का कितना जत्था था, इसकी जानकारी गोदाम के मैनजर से प्राप्त होने के बाद ही बताया जा सकता है।

घटना सुबह के समय हुई, जब गोदाम में कोई नहीं था। इस वजह से किसी तरह की जानहानि की खबर नहीं है। तहसीलदार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। इस आग की इस घटना में 50 हजार किलो से अधिक मूंगफली जलने का अनुमान है। जिसकी कीमत करोड़ों रुपये है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद पाण्डेय

   

सम्बंधित खबर