‘नारी शक्ति सप्ताह' में डाक विभाग ने उत्कृष्ट सेवा के लिए महिलाकर्मियों को किया सम्मानित

-

अहमदाबाद, 3 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर शुरू हाे रहे ‘नारी शक्ति सप्ताह’ के तहत पहले दिन

साेमवार काे डाक विभाग ने अपनी महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया । यह सप्ताह 8 मार्च तक चलेगा।

अहमदाबाद के खानपुर स्थित आल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ लोकल सेल्फ गवर्नमेंटक सभागार में आयाेजित कार्यक्रम में उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने डाक सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर यादव ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लिए डाक विभाग की ओर से तमाम सेवाएं संचालित की जा रही हैं। महिला सम्मान बचत पत्र, सुकन्या समृद्धि योजना से लेकर विभिन्न बचत योजनाओं, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक और डाक जीवन बीमा में महिलाओं को निवेश के लिए प्रेरित कर उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी किया जा रहा है।

पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि केन्द्र सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं की बदौलत महिलाएं आज सामाजिक व आर्थिक बदलाव की नई कहानियां गढ़ रही हैं। उन्हाेंने कहा कि ‘अहर्निशं सेवामहे’ के तहत डाक विभाग अब लोगों तक सिर्फ पत्र ही नहीं पहुंचा रहा, बल्कि सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं और इनके लाभों को भी लोगों तक पहुंचा रहा है।इनमें महिलाओं की अहम भूमिका है। नारी सशक्तिकरण के माध्यम से ही समाज और राष्ट्र को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

पोस्टमास्टर जनरल यादव ने बताया कि गुजरात परिमंडल में 15 लाख से ज्यादा बेटियों के सुकन्या समृद्धि खाते कार्यान्वित हैं, वहीं 3,500 से ज्यादा गांवों को सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम बनाया गया है। अब तक 1.40 लाख से अधिक महिला सम्मान बचत पत्र खाते खोले गए हैं। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के 37 लाख से ज्यादा खाते खोले गए हैं, जिनमे 48फीसदी खाते महिलाओं के हैं। नारी शक्ति आत्मनिर्भर बनेगी तो 'आत्मनिर्भर भारत' की संकल्पना भी साकार होगी। ऐसे में नारी का आर्थिक सशक्तिकरण आज सिर्फ एक जरूरत ही नहीं बल्कि विकास और प्रगति का अनिवार्य तत्व है।

सम्मानित होने वाली महिलाओं की सूची

कार्यक्रम में अहमदाबाद सिटी मंडल के आइआइएम महिला डाकघर की पोस्टमास्टर कृतिबेन मेहता, शाहीबाग डाकघर की पोस्टमास्टर हेतलबेन भट्ट, बोपल डाकघर की पोस्टमास्टर रुचिबेन पारिख, अहमदाबाद सिटी मंडल कार्यालय की कार्यालय सहायक पिनलबेन सोलंकी, मानेकबाग डाकघर की पोस्टमैन वर्षाबेन ठाकोर, मणिनगर डाकघर की एमटीएस सुरेखाबेन रावल, कुजड ब्रांच पोस्टमास्टर दिव्याबेन पटेल, गांधीनगर मंडल के सानंद डाकघर की डाक सहायक महेश्वरी डोडिया, गांधीनगर प्रधान डाकघर की पोस्टमैन मित्तल प्रजापति, कलोल प्रधान डाकघर की एमटीएस बिनल चौधरी, ट्रेंट ब्रांच पोस्टमास्टर कुंजल मालामड़ी, कड़ादरा ब्रांच पोस्टमास्टर प्रगतिबेन साधू, अहमदाबाद जीपीओ की डाक सहायक रिंकलबेन शाह, पोस्टमैन भुमिबेन पटेल, एमटीएस पारुल राठवा, अहमदाबाद रेलवे डाक सेवा की सहायक अधीक्षक प्रेयलबेन शाह, डाक निरीक्षक निलोफर घोरी, सुपरवाइजर एनएम खराडी, सॉर्टिंग असिस्टेंट देवांगी सोलंकी, सलमा वहोरा, जीडीएस एसएच राजपूत काे सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद पाण्डेय

   

सम्बंधित खबर