पौड़ी गढ़वाल, 28 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को जनपद में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने के महाअभियान का शुभारंभ किया गया। जनपद के विभिन्न बूथों पर सुबह से ही अभिभावकों में भारी उत्साह देखा गया और वे अपने नौनिहालों को पोलियो बूथ तक लेकर पहुंचे। अभियान का शुभारंभ जिला चिकित्सालय पौड़ी में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ शिव मोहन शुक्ला द्वारा बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर किया गया। जनपद के तहत आने वाले सभी 0 से 5 वर्ष तक के 50404 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
दूरस्थ क्षेत्रों तक कवरेज सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पर्याप्त संख्या में पोलियो बूथ बनाए गए हैं। साथ ही ट्रांजिट टीमें (बस स्टैंड, बाजार आदि के लिए) और मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं। जो बच्चे आज बूथ पर दवा पीने से छूट गए हैं, उन्हें स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों) द्वारा अगले दो से तीन दिनों तक घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। सीएमओ ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से देश को मुक्त बनाए रखने के लिए हर बच्चे को हर बार दवा पिलाना बेहद जरूरी है, कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से न छूटे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। यदि आज आपका बच्चा बूथ पर दवा नहीं पी पाया है, तो कल जब स्वास्थ्य टीम आपके घर आए, तो उन्हें सहयोग करें और बच्चे को 'दो बूंद जिंदगी की' अवश्य दिलवाएं। इस मौके पर पीएमएस जिला चिकित्सालय पौड़ी एलडी सेमवाल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. अमित मेहरा, सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी सुशील कुमार, एएनएमविधि भंडारी आदि शामिल रहे।

