सारण, 08 जून (हि.स.)। तरैया बाजार स्थित देवरिया रोड मिडिल स्कूल के पीछे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। बाइक की लपटें देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक की पहचान राजधानी गांव निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है। वह तरैया बाजार से काम निपटाकर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह मिडिल स्कूल के पीछे पहुंचा, बाइक से लपटें उठने लगीं।
अमन ने तुरंत कूदकर स्थानीय लोगों की मदद से धूल फेंककर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ का मानना है कि भीषण गर्मी और उमस के कारण ईंधन में आग पकड़ी तो कुछ इसे शॉर्ट सर्किट का नतीजा बता रहे हैं।

