गंगा दशहरा पर विंध्याचल में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

गंगा दशहरा पर विंध्याचल में दर्शनार्थियों की भीड़।

- मां विंध्यवासिनी के दरबार में लगी आस्था की कतारें

मीरजापुर, 5 जून (हि.स.)। गुरुवार को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर विंध्याचल धाम श्रद्धा और भक्ति के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आया। सुबह की पहली किरण के साथ ही मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गंगा में स्नान कर भक्तजन नारियल, चुनरी, फूल-माला और प्रसाद के साथ माता के दरबार में शीश नवाने पहुंचे।

गंगा घाटों पर अलसुबह से ही स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। स्नान के बाद मंगला आरती के साथ मां विंध्यवासिनी के दरबार में दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हुआ, जो पूरे दिन अनवरत जारी रहा। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। गर्भगृह से लेकर झांकी तक, हर जगह भक्तों ने माता के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

विंध्याचल की त्रिकोण परिक्रमा को भी श्रद्धालुओं ने नमन किया। मां काली और मां अष्टभुजी देवी के मंदिरों में भी भक्तों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। दर्शन के बाद श्रद्धालु गलियों में सजी दुकानों पर पहुंचकर खरीदारी करते नजर आए। किसी ने पूजा सामग्री ली, तो किसी ने बच्चों के लिए खिलौने और मिठाइयों की खरीदी की।

पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चौबंद रही। पुलिस और प्रशासन की सतर्क निगरानी में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से पर्व का आनंद लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

   

सम्बंधित खबर