नवागत डीआईओएस से शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह की शिष्टाचार भेंट, समस्याओं को लेकर की चर्चा
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
लखनऊ, 11 जून (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) शिक्षक प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने गुरुवार को लखनऊ के नवनियुक्त जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेंद्र कुमार पांडे के कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत शिष्टाचार भेंट कर शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इस अवसर पर शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। विशेष रूप से नई पेंशन योजना (एनपीएस) के अंतर्गत कटौती की गई धनराशि को शीघ्र सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खातों में स्थानांतरित करने, शिक्षकों के कैशलेस स्वास्थ्य कार्डों को सुगमता से बनवाने तथा अन्य लंबित समस्याओं के समाधान का विषय प्रमुखता से उठाया गया।
महेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
इस दौरान शैलेन्द्र राठौर, रामशंकर, विनोद पाल, अभिषेक सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की अपेक्षा व्यक्त की।
शिक्षक प्रकोष्ठ की ओर से नवनियुक्त जिला विद्यालय निरीक्षक को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं तथा शिक्षकों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के लिए सहयोग का भरोसा जताया गया।
---------------

