फफूंद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत

औरैया, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक अधेड़ व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना प्लेटफार्म नंबर तीन पर अप लाइन की पूर्व दिशा में हुई, जहां 13251 पटना-आनंद विहार एक्सप्रेस के आगे कूदकर व्यक्ति ने अपनी जान दे दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मृतक का शव क्षत-विक्षत हो गया, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं। जीआरपी ने आसपास के लोगों, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से पहचान में सहयोग की अपील की है।

पुलिस के मुताबिक मृतक ने नीले रंग की पैंट, हरे रंग की शर्ट और बिना फीते के जूते पहने हुए थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि व्यक्ति रेलवे ट्रैक पार कर रहा था या किसी अन्य कारण से हादसा हुआ। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर