इंडी गठबंधन की प्रस्तावित बैठक पर अग्निमित्रा पाल का तंज, बोलीं— जिस दल का कोई आदर्श नहीं, उसका अस्तित्व नहीं

कोलकाता, 07 जून (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने आठ जून के

प्रस्तावित इंडी गठबंधन की बैठक को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन के भीतर ही एकता नहीं है और कई दल बैठक में शामिल होने को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि बैठक तो हो रही है, लेकिन उसमें जाएगा कौन? वाम मोर्चा के सर्वदलीय अध्यक्ष लगातार यह आरोप लगाते रहे हैं कि भाजपा और वामपंथियों के बीच अंडर-द-टेबल समझौता है। अगर ऐसा है तो फिर इंडी गठबंधन वाम दलों को बैठक में आमंत्रित ही क्यों कर रहा है?

उन्होंने आगे कहा कि गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच भी मतभेद साफ दिखाई दे रहे हैं। उनके अनुसार, डीएमके ने भी अपने विरोधियों को आमंत्रित किए जाने पर बैठक में शामिल होने को लेकर नाराजगी जताई है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के भी बैठक में शामिल नहीं होने की चर्चा है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का उल्लेख करते हुए कहा कि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस उनकी रही नहीं। उनकी पार्टी की भूमिका भी स्पष्ट नहीं है।

मंत्री ने कहा कि जिस राजनीतिक दल या गठबंधन का कोई आदर्श, नीति और दर्शन नहीं होता, उसका अस्तित्व लंबे समय तक नहीं रह सकता। देश के 140 करोड़ लोगों ने इंडी गठबंधन को पहले ही नकार दिया है। इसलिए यह बैठक पूरी तरह असफल साबित होगी।

अग्निमित्रा पाल ने दावा किया कि विपक्षी दल केवल राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए एक मंच पर आने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि जनता उनके इरादों और कार्यशैली को भली-भांति समझ चुकी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर