सूरजपुर : एग्रीस्टैक सत्यापन के लिए 18 से 25 जून तक समिति स्तर पर लगेंगे शिविर

सूरजपुर, 17 जून (हि.स.)। तहसील क्षेत्र सूरजपुर अंतर्गत एग्रीस्टैक में छूटे हुए किसानों एवं छूटे हुए खसरों के सत्यापन तथा ऑनलाइन एंट्री के लिए बुधवार को तहसीलदार सूरजपुर द्वारा आदेश जारी किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 से 25 जून तक विभिन्न धान खरीदी केंद्रों (समितियों) में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए ग्राम सचिव, हल्का पटवारी, पटवारी एवं सहायक कृषि विस्तार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 18 जून को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति बसदेई में बसदेई, झांसी, उंचडिह, लोधिमा, शरमा, तेंदूपारा सहित संलग्न ग्रामों के किसानों का सत्यापन किया जाएगा। 19 जून को समिति डुमरिया में डुमरिया, पिढ़ा, नरेशपुर, पसला, नेवरा, नवगई, परी एवं पतरापारा ग्रामों के किसानों के लिए शिविर आयोजित होगा। 20 जून को समिति सूरजपुर में सूरजपुर, मानपुर, गोपालपुर, महगवां, नमदगिरी, तिलसिंवा, चंदरपुर, चंपकनगर, गिरवरगंज, पचिरा, बेलटिकरी, नयनपुर, देवीपुर एवं लांची ग्रामों के किसानों का सत्यापन किया जाएगा।

इसी क्रम में 22 जून को समिति मानी में मानी, पोड़ी, केतका, लांछा, जोबगा, गेतरा, डेडरी, सलका, सपकरा एवं भरतपुर ग्रामों, 23 जून को समिति कन्दरई में कन्दरई, कोरेया, राजापुर, कैलाशपुर, जमदेई, पेण्डरखी, अर्जुनगर एवं रतनपुर ग्रामों, 24 जून को समिति रामनगर में रामनगर, खरसुरा, करंजी, सोहागपुर, दतिमा, झूरपारा, रुनियाडिह, सरस्वतीपुर एवं रामपुर ग्रामों तथा 25 जून को समिति केशवनगर में केशवनगर, कुरूआ एवं गोरखनाथपुर ग्रामों के किसानों का सत्यापन कर ऑनलाइन एंट्री की जाएगी।

कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए छूटे हुए कृषकों तथा छूटे हुए खसरों का सत्यापन कर निर्धारित तिथि पर ही ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने तहसील क्षेत्र के सभी किसानों से अपील की है कि वे अपने ग्राम के लिए निर्धारित तिथि एवं स्थल पर पहुंचकर एग्रीस्टैक में अपना तथा अपने छूटे हुए खसरों का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि उन्हें शासन की कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सके।

   

सम्बंधित खबर