नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख की ठगी का आरोप, पूर्व मंत्री मानस भुइयां समेत तीन के खिलाफ शिकायत
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
पश्चिम मेदिनीपुर, 17 जून (हि. स.)। जिले के सबंग क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में पूर्व मंत्री मानस रंजन भुइयां और तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं के खिलाफ सबंग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता विकास कुमार टुंग, सबंग विधानसभा क्षेत्र के विष्णुपुर ग्राम पंचायत के निवासी हैं। बुधवार को उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी पत्नी मंजू साहू टुंग को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया गया था। इसके बदले पूर्व मंत्री मानस रंजन भुइयां की मध्यस्थता में तृणमूल नेता शेख अबु कलाम बॉक्स और भोलानाथ डे के जरिए पांच लाख रुपये लिए गए।
आरोप के अनुसार, एक मार्च 2026 को मंजू साहू टुंग को सीआईएसबी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में स्टुअर्ड पद पर तेमाथानी इरिगेशन बंगले में नियुक्त किया गया। परिवार का कहना है कि उन्होंने नियमित रूप से काम किया, लेकिन दो महीने बाद छह मई को अचानक व्हाट्सऐप के जरिए नौकरी समाप्त किए जाने की सूचना दी गई।
परिजनों के मुताबिक, मार्च महीने का वेतन 10 हजार 747 रुपये बैंक खाते में जमा हुआ था, लेकिन अचानक नौकरी चले जाने के बाद परिवार मानसिक और सामाजिक संकट में आ गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि उनकी पत्नी इस घटना के बाद गहरे अवसाद में हैं।
पूरे मामले की जांच की मांग को लेकर सबंग थाने में शिकायत दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि आरोपों पर पूर्व मंत्री मानस रंजन भुइयां और अन्य आरोपित नेताओं की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले में लगाए गए सभी आरोप जांच के अधीन हैं।
---------------

