रोहतक, 17 मई (हि.स.)। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन के कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक के खिलाफ रविवार को रोहतक में हुडा सिटी पार्क नए बस स्टैंड के सामने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए एआईडीओ के प्रदेश अध्यक्ष बलवान सिंह ने सरकार और परीक्षा प्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक होना अब कोई पहली बार की घटना नहीं है। यह सिलसिला पिछले कई बार से लगातार चल रहा है।
हर बार इस महाघोटाले में एनटीए नकल माफिया और बड़े-बड़े कोचिंग संस्थानों की मिलीभगत सामने आती है, लेकिन सरकार हर बार मामले को रफा-दफा करके ठंडे बस्ते में डाल देती है। इसी ढुलमुल रवैए के कारण नकल माफिया और कोचिंग संस्थानों के हौसले बुलंद हैं और वे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान एआइडीवाईओ ने सरकार से मांग की है कि नीट पेपर लीक मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच हो ताकि नकल माफिया और कोचिंग संस्थानों के गठबंधन का पूरी तरह पर्दाफाश हो सके। इस घोटाले में जो भी लोग दोषी पाए जाएं, उन्हें ऐसी सख्त और उदाहरण मूलक (नजीर बनने वाली) सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसा करने की हिम्मत न कर सके।
इस पूरे मामले में सरकार अपनी जिम्मेदारी तय करे और जनता के प्रति जवाबदेह बने। बार-बार पेपर लीक में शामिल रही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को तुरंत भंग किया जाए। भविष्य में नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए एक पूरी तरह से सुरक्षित और फुल-प्रूफ सिस्टम तैयार किया जाए। संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक छात्रों और युवाओं को न्याय नहीं मिल जाता और परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं होता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
---------------

