नीति आयोग में बुंदेलखंड में एम्स की मांग उठाने के लिए बुंदेले ने योगी को खून से पत्र लिख कर जताया आभार
- DSS Admin
- Jun 15, 2026

महोबा, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुंदेलखंड में एम्स खाेलने की मांग को लेकर नीति आयोग में प्रस्ताव रखने से बुंदेलखंड वासियों को नई उम्मीद मिल गई है। स्वास्थ्य सेवाओं में अति पिछड़े जिले महोबा में लंबे समय से एम्स की मांग कर नंगे पांव चल रहे बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने योगी को विश्व रक्तदाता दिवस पर खून भरी पाती लिख कर योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद दिया और गोरखनाथ की तपोभूमि में एम्स के लिए वरीयता देने की मांग की है।
बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर 2015 से लगातार जिले में एम्स की मांग को लेकर नंगे पैर चल रहे हैं। और 259 दिनों तक जनपद मुख्यालय में अनशन कर चुके हैं। सोमवार को तारा पाटकर ने बताया कि अपने खून से खत लिखकर योगी जी को बुंदेलखंड में एम्स खुलवाने के लिए नीति आयोग के सामने प्रस्ताव रखने के लिए धन्यवाद दिया है। अब हमारे जनप्रतिनिधियों की बारी है कि वे मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर एम्स के लिए आग्रह करें और उन्हें बताएं कि एम्स खोलने के लिए महोबा से बेहतर कोई और जगह नहीं। अगर महोबा में एम्स खुलेगा तो यूपी और एमपी दोनों के ज्यादातर जिलों के लोगों को एम्स का लाभ मिल पाएगा।
मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच पर मांग रखने से बुंदेलों को एम्स मिलने की उम्मीद जाग गई है। तारा पाटकर ने खून से लिखी पाती में कहा है कि एम्स की मांग को लेकर बुंदेलों के द्वारा 2015 में पोस्टकार्ड अभियान चला एक लाख से अधिक खत भेजे गए। हजारों राखियां पीएमओ भेजी गई । पूर्व सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल और बाबूराम निषाद द्वारा भी बुंदेलखंड में एम्स की मांग को सदन में उठाया जा चुका है। बुंदेलों की 11 साल से चल रही मांग को उठाने के लिए योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
---------------

