फर्रुखाबाद में बिजली घर स्टोर से कापर का कीमती तार गायब
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
फर्रुखाबाद, 07 जुलाई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद शहर में रिवैंप योजना के तहत बदली गई बिजली लाइनों से निकला लगभग 50 किलो कॉपर तार लकूला उपकेंद्र के स्टोर से गायब हो गया है। इस मामले में आउटसोर्स पर तैनात कर्मचारियों पर तार गायब करने का आरोप लगा है। अवर अभियंता ने मंगलवार काे कादरी गेट थाने में तहरीर दी है, हालांकि अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।
यह घटना लकूला उपकेंद्र से जुड़े मोहल्ला लिंजीगंज की है। करीब छह माह पहले यहां खंभों से कॉपर का तार उतारकर बंच केबल डलवाई गई थी। ठेकेदार ने उतारे गए कॉपर तार को उपकेंद्र के स्टोर में रखवा दिया था, लेकिन इसे विभागीय स्टोर तक नहीं पहुंचाया गया था। स्टोर की चाबी अवर अभियंता के अलावा आउटसोर्स कर्मियों के पास भी रहती थी। बताया जा रहा है कि स्टोर में रखा गया अधिकांश कॉपर तार अब गायब है, जिसमें से केवल 10 से 12 किलो ही बचा है। तार गायब होने का खुलासा 1 जुलाई को हुआ, जब बरसात के दौरान उपकेंद्र की सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) खराब हो गई।
अवर अभियंता अजय कुमार ने खराब सीटी को रखने के लिए स्टोर खोला, तब उन्हें तार गायब होने की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी संतोषजनक जानकारी नहीं दी। अवर अभियंता अजय सिंह ने पुष्टि की है कि लगभग 50 किलो कॉपर तार गायब होने के संबंध में उन्होंने कादरी गेट थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों पर तार वापस करने का दबाव भी बनाया जा रहा है।
---------------

