पश्चिम बर्दवान, 04 जून (हि. स.)। आसनसोल आनंदम रेसिडेंसी में आयोजित सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का भव्य धार्मिक अनुष्ठान इन दिनों अपने चरम भक्तिमय माहौल में पहुंच चुका है। वैदिक मंत्रोच्चार, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और भजन-कीर्तन से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन कार्यक्रम में पहुंचकर पाठ और भजनों का श्रवण कर मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। आयोजन समिति के प्रमुख सदस्यों ने बताया कि 12 जून को कार्यक्रम का भव्य समापन होगा।
इस भव्य आयोजन की मुख्य आयोजक जो सनातन धर्म की आनंद वाहिनी की राष्ट्रीय महामंत्री हैं, ने इस अवसर को और भी विशेष बना दिया। उन्होंने अपनी विवाह वर्षगांठ भी प्रभु हनुमान को समर्पित करते हुए श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई। विवाह वर्षगांठ के मौके पर एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्वान पंडितों और आचार्यों को विशेष दक्षिणा तथा वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। आयोजकों का अनुमान है कि आगामी दिनों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक महायज्ञ में शामिल होंगे। कार्यक्रम में राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों के साथ बड़ी संख्या में आम श्रद्धालु भी पहुंच रहे हैं।
आयोजन समिति के प्रमुख सदस्यों ने बताया कि समापन समारोह में प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा संगीतमय भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी तथा विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
---------------

