कांथी, 01 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की नई सरकार के मंत्रिमंडल का सोमवार को विस्तार किया गया, जिसमें दक्षिण कांथी के विधायक अरूप कुमार दास को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। उनके मंत्री बनने की खबर से कांथी महकमा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अरूप कुमार दास राजनीति में आने से पहले कांथी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक थे। उन्होंने भौतिकी विषय में स्नातकोत्तर (एमएससी) की पढ़ाई की है। शिक्षा के क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान रही है। वे स्कूल के अलावा कई विद्यार्थियों को नि:शुल्क पढ़ाते थे, जिसके कारण इलाके में उन्हें एक सम्मानित शिक्षक के रूप में जाना जाता है।
वर्ष 2021 में उन्होंने शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। उसी वर्ष दक्षिण कांथी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। बाद में उन्होंने कांथी जिले के भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली।
अरूप कुमार दास कांथी नगरपालिका के वार्ड संख्या आठ के निवासी हैं और स्थानीय स्तर पर पार्षद के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने दूसरी बार दक्षिण कांथी सीट से जीत दर्ज की। इसके बाद उन्हें राज्य मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया गया।
पूर्वी मेदिनीपुर जिले से अरूप कुमार दास के अलावा भगवानपुर के विधायक शांतनु प्रमाणिक, मयना के विधायक अशोक डिंडा तथा तमलुक के विधायक एवं चिकित्सक डॉ. हरेकृष्ण बेड़ा को भी मंत्रिमंडल में स्थान मिला है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक शिक्षक से मंत्री बनने तक का अरूप कुमार दास का सफर युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनके मंत्री बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------

