स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलाें में सीटों से अधिक आवेदन, लाटरी से हुआ विद्यार्थियों का चयन
- DSS Admin
- May 13, 2026

धमतरी, 13 मई (हि.स.)। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत पहली कक्षा में प्रवेश को लेकर बुधवार काे लाटरी निकाली गई। रिक्त सीटों से अधिक आवेदन आने पर 13 मई को लाटरी पद्धति से विद्यार्थियों का चयन किया गया। इसी कड़ी में शहर के सेजेस स्कूल गोकुलपुर में पहली कक्षा की 40 सीटों के लिए लाटरी निकाली गई।
जिले के सेजेस गोकुलपुर, कुरुद, बठेना, कंडेल सहित अन्य स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में बुधवार को लाटरी प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया गया। इसी कड़ी में सेजेस गोकुलपुर में कक्षा पहली से नौवीं के रिक्त सीटों के लाटरी निकाली गई। मुख्य अतिथि बीईओ धमतरी लीलाधर चौधरी, विशिष्ट अतिथि शाला प्रबंधन समिति के विजय साहू एवं महेश साहू, विद्यालय की प्राचार्य शैलजा पांडेय, संकुल समन्वयक लोकेश ठाकुर सहित अभिभावक उपस्थित थे। उपस्थित अभिभावकों और विद्यार्थियों की मौजूदगी में लाटरी निकाली गई।
कक्षा पहली में प्रवेश के लिए 41 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें रिक्त 40 सीटों पर विद्यार्थियों को लाटरी के माध्यम से चयनित किया गया। कक्षा दसवीं में 22 विद्यार्थियों को नौवीं उत्तीर्ण होने के आधार पर सीधे प्रवेश दिया गया। बोर्ड नियमों के तहत दसवीं में भरी गई सीटों के अतिरिक्त 10 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। वहीं 11वीं एवं 12वीं में जीव विज्ञान और गणित संकाय की 20-20 रिक्त सीटों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। प्राचार्य शैलजा पांडेय ने बताया कि लाटरी से चयनित विद्यार्थियों को 20 मई तक अनिवार्य रूप से प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी, नहीं तो उनकी सीट अन्य पात्र अभ्यर्थियों को आवंटित कर दी जाएगी।
सेजेस बठेना में रिक्त 14 सीटों के लिए निकली लाटरी
शहर के सेजेस बठेना में पहली कक्षा की कुल 50 सीटों में से 36 सीटों पर यूकेजी के विद्यार्थियों को सीधे प्रवेश दिया जा चुका है। शेष बची 14 सीटों के लिए 30 से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा लाटरी पद्धति से विद्यार्थियों का चयन किया गया। प्राचार्य रविंद्र कुमार साहू ने चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों को 20 मई तक अनिवार्य से प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की बात कही।
कंडेल में निकाली गई लाटरी
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कंडेल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा पहली से कक्षा 11 तक प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत बुधवार को लाटरी का आयोजन पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के तहत संपन्न हुआ। जानकारी के अनुसार कक्षा एक में प्राप्त आवेदनों में से 50 विद्यार्थियों का चयन पात्रता के आधार पर किया गया। वहीं कक्षा तीन में रिक्त बची दो सीटों के लिए विद्यार्थियों का चयन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। अन्य सभी कक्षाओं में प्रवेश पात्रता के अनुसार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में एसएमडीसी सदस्य एवं विधायक प्रतिनिधि नारायण साहू, सरपंच गिरधर सार्वा, प्राचार्य राहुल सिंह नेताम, व्याख्याता एसके यादव, एसके साहू, ऋषभ चंद्राकर, छत्रपाल पटेल, चंद्रकमल सिन्हा, अविनाश कुमार साहू, जय कुमार कांडे सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

