भाजपा दावा कुछ भी करे लेकिन हरियाणा में पूर्ण बहुमत से बनेगी कांग्रेस सरकार: भूपेन्द्र हुड्डा

चंडीगढ़, 7 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दोहराया है कि प्रदेश में भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल तो वोटिंग के बाद आए हैं, लेकिन जनता अपना मन पहले ही बना चुकी थी और हमें इस बात का आभास था।

कांग्रेस नेता भूपेन्द्र हुड्डा साेमवार काे दिल्ली में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में लोकसभा चुनाव के नतीजों से ही जनता का रुझान स्पष्ट हो गया था। क्योंकि सभी लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ा था और भाजपा का काम हुआ था। यही स्थिति विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिलेगी।

हुड्डा ने कहा कि भाजपा के पास चुनाव में कोई मुद्दा नहीं था। क्योंकि 10 साल सत्ता में रहते हुए उसने कोई काम नहीं किया। जबकि कांग्रेस अपने 10 साल के पुराने कार्यकाल के काम दिखाकर वोट मांग रही थी। हरियाणा कांग्रेस कार्यकाल के दौरान प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, रोजगार देने, खिलाड़ियों के सम्मान और विकास के हर पैमाने पर नंबर वन था। भाजपा ने बेरोजगारी, अपराध, नशा, महंगाई और अत्याचार में हरियाणा को नंबर वन बना दिया।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ाने से लेकर खेती की लागत तक को कई गुणा बढ़ाया है। कांग्रेस कार्यकाल के दौरान ईंधन बहुत सस्ता था और खाद, बीज, दवाई समेत तमाम कृषि उपकरण टैक्स फ्री थे। भाजपा ने हर चीज पर टैक्स लगा दिया और वैट भी दोगुना कर दिया। जिस भाजपा ने जनता को महंगाई की मार मारी, उसी भाजपा को जनता ने वोट की चोट मारी है। भाजपा अब कुछ भी दावे करती रहे, लेकिन प्रदेश में आने वाली सरकार कांग्रेस की बनने जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

   

सम्बंधित खबर