पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती जी का 2 जून को औरैया आगमन
- DSS Admin
- May 25, 2026
औरैया, 25 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में ज्योतिष्पीठाधीश्वर पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती महाराज अपनी 81 दिवसीय पावन “गविष्ठी यात्रा” के अंतर्गत 2 जून को सायंकाल लगभग 5 बजे औरैया नगर में प्रवेश करेंगे। गौरक्षा एवं सनातन जनजागरण के उद्देश्य से निकाली जा रही इस यात्रा को लेकर जनपद में श्रद्धालुओं एवं सनातन प्रेमियों में उत्साह का वातावरण है।
शंकराचार्य चतुरंगिनी सेना के जनबल अंगाध्यक्ष आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी शिवम महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि पूज्य शंकराचार्य महाराज जी का प्रमुख संकल्प गौ माता को “राष्ट्र माता” का सम्मान दिलाना है। उन्होंने बताया कि पूज्य महाराज सिकन्दरा विधानसभा क्षेत्र से होते हुए औरैया नगर में प्रवेश करेंगे। नगर आगमन पर शंकराचार्य चतुरंगिनी सेना, धर्माचार्यों, गौसेवकों, सनातन धर्म प्रेमियों एवं भक्तजनों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
---------------

