15 पार्कों की बदली तस्वीर, फेज-1 एवं 2 के पार्कों को मिला नया और आकर्षक स्वरूप

-योगी सरकार ने कौशलपुरी को दी नई पहचान

-3.80 करोड़ रुपये की लागत से 15 सामुदायिक पार्कों का हुआ कायाकल्प

-पाथ-वे, गजीबो और आउटडोर प्ले एरिया से सुसज्जित हुए कौशलपुरी के पार्क

-अयोध्या विकास प्राधिकरण ने पूरा किया सामुदायिक पार्कों के सौंदर्यीकरण का कार्य

-हरियाली, आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक लैंडस्केपिंग से निखरे कौशलपुरी के पार्क

अयोध्या, 29 जून (हि.स.)। योगी आदित्यनाथ सरकार की योजनाबद्ध विकास पहलों से कौशलपुरी क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। कौशलपुरी फेज-1 एवं फेज-2 में स्थित 15 सामुदायिक पार्कों का सफल सौंदर्यीकरण पूरा हो चुका है। अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा कराए गए इस कार्य से स्थानीय निवासियों को आधुनिक, हरित एवं मनोरंजक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हुए हैं। कुल 3.80 करोड़ रुपये की लागत से संपन्न इस परियोजना ने क्षेत्र को नया आकर्षण प्रदान किया है।

कौशलपुरी के ये पार्क पहले साधारण स्थिति में थे, लेकिन अब इनमें पाथ-वे, गज़ीबो, आउटडोर प्ले एरिया, बाउंड्री वॉल और आकर्षक लैंडस्केपिंग की आधुनिक सुविधाएं जोड़ दी गई है। बच्चों के लिए कलरफुल खेल के उपकरण, बड़ों के लिए आरामदायक बेंच, हरी-भरी घास, सुंदर पेड़-पौधे और पैदल चलने के सुव्यवस्थित रास्ते अब इन पार्कों की खासियत बन गए हैं। शाम के समय परिवार, बच्चे और बुजुर्ग इन पार्कों में घूमने, व्यायाम करने और एक-दूसरे से मिलने-जुलने लगे हैं।

--28 फरवरी 2025 को शुरू हुआ था कायाकल्प

आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की महत्वाकांक्षी योजना के तहत यह कार्य 28 फरवरी 2025 को शुरू हुआ था। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने पूरे प्रोजेक्ट को बेहद सुंदर ढंग से अंजाम दिया। कुल 15 पार्कों में इस कायाकल्प का कार्य किया गया, जिसमें पाथ-वे, गज़ीबो, बाउंड्री वॉल, आउटडोर खेल क्षेत्र और समग्र सौंदर्यीकरण शामिल था।

--स्थानीय लोगों में उत्साह

स्थानीय लोगों में इस विकास कार्य को लेकर खासा उत्साह है। लोगों ने बताया कि पहले यहां पार्क सूने और अनुपयोगी पड़े रहते थे। अब बच्चे पूरे दिन खेलते हैं, महिलाएं वॉकिंग करती हैं और बुजुर्ग शांति से बैठकर समय बिताते हैं। सरकार ने वाकई अच्छा काम किया है।

--सुनिश्चित होगा पार्को का रखरखाव

अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन ने बताया कि इन पार्कों का रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाएगा ताकि यह सुविधा लंबे समय तक स्थानीय नागरिकों को उपलब्ध रह सके। हरियाली और आधुनिक सुविधाएं इन पार्कों की पहचान बन गई हैं। लैंडस्केपिंग में इस्तेमाल किए गए पौधों और फूलों की विविधता ने पूरे इलाके को आकर्षक बना दिया है। रात में उचित रोशनी की व्यवस्था भी की गई है। अयोध्या में चल रहे व्यापक विकास कार्यों की श्रृंखला में यह एक और उपलब्धि है।

   

सम्बंधित खबर