कांदी कोर्ट परिसर से पुलिस हिरासत से फरार हुआ आरोपित, सुरक्षा पर उठे सवाल
- DSS Admin
- May 19, 2026
मुर्शिदाबाद, 19 मई(हि.स.)। कांदी कोर्ट परिसर में पुलिस को चकमा देकर एक आरोपित फरार हो गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। फरार आरोपित की पहचान फैजुल शेख के रूप में हुई है, जो सालार थाना क्षेत्र के खांड़ेड़ा गांव का निवासी है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, बमबाजी और अवैध रूप से बम जमा करने के आरोप में उसे कुछ दिन पहले सालार थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
मंगलवार को पुलिस उसे पेशी के लिए कांदी कोर्ट लाई थी। इसी दौरान मौका पाकर आरोपित पुलिसकर्मियों की गिरफ्त से छूटकर फरार हो गया।
घटना के बाद अदालत परिसर में हड़कंप मच गया और पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। कोर्ट जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले स्थान से आरोपित के फरार होने पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे है। फिलहाल पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।

