फर्जी डॉक्टर बनकर प्रैक्टिस करने के आरोपित की न्यायिक हिरासत में मौत
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
कोकराझाड़ (असम), 30 जून (हि.स.)। फर्जी डॉक्टर बनकर चिकित्सा कार्य करने के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति की मंगलवार तड़के कोकराझाड़ जेल में न्यायिक हिरासत के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान रवींद्र चंद्र नाग के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, काजलगांव पुलिस ने 25 जून को असम काउंसिल ऑफ मेडिकल रजिस्ट्रेशन की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर नाग को ढ़ालीगांव से गिरफ्तार किया था। आरोप था कि वह स्वयं को डॉक्टर बताकर चिकित्सा कार्य कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे उसी दिन अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में कोकराझाड़ जेल भेज दिया गया।
मंगलवार तड़के जेल के भीतर नाग की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसे हृदय संबंधी आपात स्थिति का सामना करना पड़ा। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे गंभीर अवस्था में कोकराझाड़ मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार किया, लेकिन सुबह लगभग 7:30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि न्यायिक हिरासत में हुई इस मृत्यु के संबंध में आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की जाएंगी।
-----------

