नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित नैनीताल से गिरफ्तार

नैनीताल, 1 मार्च (हि.स.)। नैनीताल के निकटवर्ती पंगोट के गांव की 17 वर्षीय किशोरी से गत दिवस मंदिर से लौटते वक्त जबरन दुष्कर्म का मामला सामने आया है।पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म के आरोपित को राजस्व पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पंगोट के निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय किशोरी ने अपने ही क्षेत्र के एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। किशोरी का कहना है कि शिवरात्रि के अवसर पर जब वह मंदिर से लौट रही थी, तभी आयोपित युवक उसे मदद करने के बहाने बाइक से अपने रिजॉर्ट तक ले गया और वहां युवक ने जबरन दुष्कर्म किया। राजस्व पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर आरोपित के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम की धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की। देर रात तक उसके गृह क्षेत्र में दबिश दी गई, किंतु वह हाथ नहीं आया। इधर आज दोपहर राजस्व पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित कमल सिंह नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में गाड़ी पड़ाव के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनगो एचआर ममगई ने बताया कि आरोपित को मेडिकल परीक्षण के बाद पोक्सो न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आगे पीड़िता के भी न्यायाधीश के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे।

घटना के बाद किशोरी के परिवार और स्थानीय ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों। राजस्व पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बालिका सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया को त्वरित गति से पूरा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

   

सम्बंधित खबर