बड़ीसादड़ी इलाके में पकड़ा मादक पदार्थ, कार से 195 किलो डोडा चूरा बरामद

चित्तौड़गढ़, 15 मई (हि.स.)। मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कोटा ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सरथला गांव से सोमपुर गांव को जोड़ने वाली अंदरूनी सड़क पर मारुति स्विफ्ट कार से 195.290 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। नारकोटिक्स कोटा की टीम अब इस मामले की जांच में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से एकत्रित कर कहां ले जाया जा रहा था।

उप नारकोटिक्स आयुक्त कोटा नरेश बुंदेल ने बताया कि ब्यूरो को विशिष्ट खुफिया सूचना मिली थी कि सोमपुर गांव का एक निवासी राजस्थान रजिस्ट्रेशन नंबर कार में अवैध डोडा चूरा परिवहन कर रहा है। डोडा चूरा से भरी कार सरथला से सोमपुर जाने वाली अंदरूनी सड़क से गुजरेगी। सूचना पर ब्यूरो कोटा की टीम गठित कर मौके पर भेजी गई और संदिग्ध रास्ते पर कड़ी निगरानी रखी गई। मुखबिर की और से दी गई सूचना के अनुसार वाहन की पहचान होते ही ब्यूरो अधिकारियों ने सारथला-सोमपुर रोड पर कार को व्यक्ति सहित रोक लिया। पूछताछ में चालक ने कार में डोडा चूरा होना स्वीकार किया। सुरक्षा कारणों से गांव की सड़क पर तलाशी संभव नहीं होने पर वाहन को ब्यूरो चित्तौड़गढ़ कार्यालय लाया गया। उप नारकोटिक्स आयुक्त ने बताया कि कार्यालय में कार की तलाशी के दौरान अवैध डोडा चूरा से भरे कुल 11 बैग बरामद हुए, जिनका वजन 195.290 किलोग्राम था। कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर बरामद डोडाचूरा और स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया गया। आरोपित को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर