गांधीनगर, 17 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गांधीनगर के सेक्टर-1 स्थित सर्कल के पास नवनिर्मित आधुनिक गार्डन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने परिसर में पवित्र वट वृक्ष का पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
गांधीनगर महानगरपालिका द्वारा लगभग 10.51 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए गए इस आधुनिक गार्डन को सेक्टर-1 के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। करीब 19,038 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस विशाल गार्डन को नागरिकों के स्वास्थ्य, मनोरंजन और मानसिक शांति को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
इस परियोजना का कार्य 09 नवंबर 2024 को शुरू हुआ था और निर्धारित समयसीमा के भीतर 25 अप्रैल 2026 तक पूरा कर लिया गया। अब इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया है।
गार्डन में सुबह-शाम टहलने और योग करने के लिए सुव्यवस्थित पथ और विशेष योग स्थल बनाए गए हैं। नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खुले व्यायाम क्षेत्र में आधुनिक व्यायाम उपकरण लगाए गए हैं। वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेल उपकरणों से सुसज्जित आकर्षक बाल क्रीड़ा क्षेत्र भी तैयार किया गया है।
नागरिकों के बैठने और आराम करने के लिए सुंदर बैठक व्यवस्था तथा आकर्षक गज़ीबो बनाए गए हैं। परिसर में बोरवेल, पंप कक्ष, भूमिगत जल टंकी और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे गार्डन को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है।
महानगरपालिका ने गार्डन की हरियाली, स्वच्छता और सुविधाओं के रखरखाव के लिए आगामी पांच वर्षों तक विशेष रखरखाव योजना भी बनाई है। प्रशासन का कहना है कि यह गार्डन आने वाले समय में सेक्टर-1 के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य, सामाजिक मेलजोल और प्राकृतिक वातावरण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर गांधीनगर की महापौर मीराबेन पटेल, विधायक रीताबेन पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------

