आधी छुट्टी में स्कूल से बाहर गई 11 वर्षीय छात्रा की सड़क हादसे में मौत, आरोपी बाइक सवार फरार

An 11-year-old girl who went out of school during the break died in a road accident; the accused bike rider is absconding.


उधमपुर, 21 मई । जिला उधमपुर के तहसील मजलता के गांव सुंडला में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय छात्रा भूमि की मौत हो गई। भूमि स्थानीय हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ती थी। जानकारी के अनुसार आधी छुट्टी के दौरान वह स्कूल से बाहर कुछ लेने गई थी तभी एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी।

हादसे के बाद घायल अवस्था में छात्रा को स्कूल के शिक्षकों द्वारा तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामकोट (जिला कठुआ) पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया। लेकिन जीएमसी कठुआ पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्रा के दादाजी ने आरोप लगाया कि स्कूल की एक अध्यापिका ने भूमि और उसकी सहेली को किसी काम से स्कूल से बाहर भेजा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि बाइक सवार टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। परिजनों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि आरोपी मोटरसाइकिल चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। परिवार ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच करने की मांग उठाई है। बताया जा रहा है कि मृतक भूमि की दो बहनें भी हैं और परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर