आरामबाग को जिला घोषित किए जाने पर गोघाट में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
हुगली, 22 जून (हि.स.)। आरामबाग को अलग जिला घोषित किए जाने की घोषणा के बाद गोघाट क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। घोषणा की खबर सामने आते ही विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में जश्न शुरू हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर खुशी जाहिर की, पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटीं।
लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उत्साह का माहौल है। भाजपा समर्थकों का कहना है कि आरामबाग को जिला बनाए जाने से प्रशासनिक सेवाएं लोगों के और करीब पहुंचेंगी तथा गोघाट सहित पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लंबे समय से आम लोगों के बीच आरामबाग को जिला बनाने की मांग उठती रही है। उनका मानना है कि नए जिले के गठन से प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आधारभूत ढांचे के विकास में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
घोषणा के बाद गोघाट के विभिन्न इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर बधाई दी और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समर्थकों का कहना है कि नए जिले के गठन से विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे और स्थानीय समस्याओं के समाधान में भी तेजी आएगी।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि आरामबाग को जिला घोषित किए जाने के बाद गोघाट में जिस तरह का उत्साह देखने को मिला है, वह हाल के वर्षों की महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाओं में से एक है। अब लोगों की निगाहें प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने और नए जिले के औपचारिक गठन पर टिकी हैं।
स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि नए जिले के गठन के साथ प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और विकास योजनाओं का लाभ तेजी से आम लोगों तक पहुंचेगा।
---------------

