सियालदह-बनगांव रेलखंड पर सुबह के व्यस्त समय में ट्रेन सेवा बाधित, यात्रियों को भारी परेशानी
- DSS Admin
- May 13, 2026
कोलकाता, 13 मई (हि.स.)। बुधवार सुबह सियालदह-बनगांव रेलखंड पर ट्रेन सेवाएं अचानक बाधित हो जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दफ्तर जाने के व्यस्त समय में दमदम स्टेशन पहुंचने से पहले कई सियालदहगामी लोकल ट्रेनें एक के बाद एक खड़ी हो गईं, जिससे रेल यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बारासात लोकल, जिसे सुबह 8:50 बजे दमदम स्टेशन पहुंचना था, रास्ते में करीब 40 मिनट तक खड़ी रही। डाउन लाइन पर लगातार कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं, बनगांव-सियालदह मातृभूमि लोकल को भी दमदम कैंटोनमेंट स्टेशन से पहले रोक दिया गया।
करीब 40 मिनट की देरी के बाद ट्रेनें दमदम स्टेशन पहुंचीं। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर भारी भीड़ जमा हो गई और यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कई यात्री ट्रेन से उतरकर रेल लाइन के किनारे पैदल चलते हुए आगे बढ़ते नजर आए।
कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि रेलवे की ओर से देरी के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। हालांकि अन्य यात्रियों का कहना था कि स्टेशनों पर घोषणा की गई थी कि प्वाइंट में तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई।
रेलवे की ओर से फिलहाल इस घटना पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
---------------

