जगदलपुर : पंडरी तरई तालाब निर्माण कार्य का कांग्रेस पार्षदों ने किया निरीक्षण
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
जगदलपुर, 10 जून (हि.स.)। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों एवं पार्टी पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज बुधवार काे पंडरी तरई तालाब के चल रहे निर्माण एवं गहरीकरण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के पश्चात शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि पंडरी तरई तालाब का गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है, लेकिन मौके पर देखने से स्पष्ट हुआ कि तालाब के गहरीकरण का कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं किया गया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया तो इसका सीधा असर तालाब की जल संग्रहण क्षमता एवं दीर्घकालिक उपयोगिता पर पड़ेगा।शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों की ओर से भी लगातार निर्माण कार्य में अनियमितताओं एवं गुणवत्ता संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके मद्देनजर आज कांग्रेस पार्षदों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्य अधूरा पाया गया तथा निर्माण की गुणवत्ता को लेकर संतोषजनक स्थिति नजर नहीं आई। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित विभाग एवं निर्माण एजेंसी से मांग की कि बरसात का मौसम निकट होने के कारण कार्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य कराया जाए।किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा, क्योंकि यह परियोजना आम जनता के हितों से जुड़ी हुई है।उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना व पार्षदों ने यह भी कहा कि तालाब मुख्य सड़क से सटा हुआ है और वर्तमान में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। ऐसी स्थिति में राहगीरों, वाहन चालकों एवं आस-पास रहने वाले लोगों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई । साथ ही यदि निर्माण कार्य में पाई जा रही कमियों को समय रहते दूर नहीं किया गया और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों का निराकरण नहीं हुआ,तो कांग्रेस जनहित में संबंधित अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी तथा आवश्यक होने पर जन आंदोलन भी करेगी।इस निरीक्षण के दौरान उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, पार्षद राकेश मोर, कैलाश नाग, सूर्या पानी, शेख जाहिद, अफरोज़ बेगम, लोकेश चौधरी एवं कांग्रेस नेता राजू बघेल उपस्थित रहे।
---------------

