नेता प्रतिपक्ष के मुद्दे पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, सुशांत बरगोहाईं का तीखा बयान
- DSS Admin
- May 25, 2026
गुवाहाटी, 25 मई (हि.स.)। असम में विधानसभा के भीतर नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर जारी असमंजस के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक सुशांत बरगोहाईं ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा विधायक ने कहा कि कांग्रेस अब तक विधानसभा में अपने नेता और नेता प्रतिपक्ष के नाम पर अंतिम निर्णय नहीं ले सकी है, जिससे पार्टी के भीतर गहरे मतभेद उजागर हो रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “जो जाति और मानसिकता अपने ही पिता को बंदी बनाकर राजा बनने का इतिहास रखती है, उस मानसिकता वाले अधिकांश विधायक जिस कांग्रेस में मौजूद हैं, वह पार्टी जल्द नेता प्रतिपक्ष नहीं खोज पाएगी।”
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक दल के भीतर नेतृत्व को लेकर अब भी असमंजस और आपसी मतभेद की स्थिति बनी हुई है। उनके अनुसार, नेता प्रतिपक्ष के चयन में हो रही देरी कांग्रेस की आंतरिक कमजोरी और नेतृत्व संकट को दर्शाती है।
उल्लेखनीय है कि, असम विधानसभा में कांग्रेस अब तक अपने विधायक दल के नेता और नेता प्रतिपक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं कर पाई है। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं लगातार तेज होती जा रही हैं।
------------------

