जेडीए का बाढ़ नियत्रंण को लेकर फोकस, मानसून से पूर्व होंगे साढ़े चार करोड़ के काम
- DSS Admin
- May 15, 2026
जयपुर, 15 मई (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण ने मानसून से पूर्व जलभराव और बाढ़ नियत्रंण को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को आयोजित पीडब्ल्यूसी की बैठक में मानसून से पूर्व बाढ़ नियत्रंण से जुड़े कार्यो के लिए साढ़े चार करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए है। जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि बैठक में जोन-सी में सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मानसरोवर के मध्यम मार्ग पर ड्रेनेज पाइपलाइन के निर्माण के लिए 1357.98 लाख रुपए तथा स्वर्ण पथ, रजत पथ और विजय पथ पर मुख्य सड़कों के नवीनीकरण व नाला निर्माण के लिए 690.51 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है।
शहर में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जेडीए मुख्यालय स्थित सिटीजन केयर सेंटर भवन के जीर्णोद्धार व विकास कार्य के लिए लगभग 7.94 करोड़ और लालकोठी स्थित जेडीए परिसर के पुनर्विकास एवं रिप्लानिंग की कंसल्टेंसी सेवाओं के लिए 4.36 करोड़ रुपए की कार्योत्तर स्वीकृति जारी की गई है। जेडीए क्षेत्र में वर्ष 2026-27 के लिए बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए 4.48 करोड़ और जोन-17 में सीकर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर योजना में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 7.36 करोड़ रुपये के कार्यो को मंजूरी दी गई है। इस बैठक में सचिव डॉ गौरव सैनी, निदेशक योजना मृणाल जोशी, निदेशक अभियांत्रिकी तृतीय संजीव जैन, ओएसडी आर एम परमेश्वर सिंह, अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजय पूनिया सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
जोन—सी में विभिन्न सिविल मरम्मत कार्यों के लिए 496.86 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। यातायात सुधार की दिशा में जोन-17 के अंतर्गत न्यू सांगानेर रोड पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए एट-ग्रेड यू-टर्न सुविधा के निर्माण के लिए 27.42 करोड़ रुपये की कार्योत्तर मंजूरी दी गई है। जोन-8 में सांगानेर क्षेत्र के अंतर्गत एचटी लाइन के नीचे सड़कों के निर्माण के लिए 9.09 करोड़ और जोन-पीआरएन में खोरा बीसल से जयरामपुरा फार्म हाउस योजना तक सड़क निर्माण व नवीनीकरण के लिए करीब 3.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
---------------

