असम से वापस भेजे गए नौ बांग्लादेशी नागरिक ‘नो मैन्स लैंड’ में फंसे

मानकाचार (असम), 14 जून (हि.स.)। असम के दक्षिण सालमारा-मानकाचार जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रविवार सुबह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान नौ अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पुशबैक किया गया।

सूत्रों के अनुसार, इनमें से छह लोगों को मानकाचार के झालाचार सीमा चौकी के माध्यम से तथा शेष तीन को शाहापारा सीमा चौकी से बांग्लादेश की ओर भेजा गया। पुशबैक किए गए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

अभियान के बाद मामले को लेकर भारत की बीएसएफ और बांग्लादेश की बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के बीच फ्लैग मीटिंग आयोजित की गई। हालांकि, बांग्लादेश के अधिकारियों ने अभी तक इन लोगों को स्वीकार नहीं किया है।

इसके चलते सभी नौ लोग फिलहाल भारत-बांग्लादेश सीमा के ‘नो मैन्स लैंड’ क्षेत्र में फंसे हुए हैं और मामले के समाधान का इंतजार कर रहे हैं।

स्थिति को देखते हुए सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बीएसएफ और बीजीबी के जवान अपनी-अपनी सीमा पर लगातार गश्त कर रहे हैं तथा किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए सतर्कता बरत रहे हैं।

सीमा पर उत्पन्न स्थिति को लेकर दोनों देशों के संबंधित अधिकारी लगातार संपर्क में हैं और मामले के समाधान के लिए समन्वय प्रयास जारी हैं।

------------

   

सम्बंधित खबर