कैग की रिपोर्ट में असम की मजबूत आर्थिक प्रगति का उल्लेख : डॉ. देवजीत महंत
- DSS Admin
- May 27, 2026
गुवाहाटी, 27 मई (हि.स.)। असम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. देवजीत महंत ने कहा है कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की राज्य वित्त रिपोर्ट में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम की तेज आर्थिक प्रगति परिलक्षित हुई है।
असम विधानसभा में पेश रिपोर्ट के अनुसार, राज्य का जीडीपी वर्ष 2015-16 के 2,27,958 करोड़ से बढ़कर 2024-25 में 6,43,667 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले चार वित्तीय वर्षों में राज्य ने औसतन 18 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि दर दर्ज की है। राष्ट्रीय जीडीपी में असम की हिस्सेदारी भी 1.6 प्रतिशत से बढ़कर 1.95 प्रतिशत हो गई है।
डॉ. महंत ने कहा कि सतत विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन के कारण असम देश के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की रैंकिंग में 28वें स्थान से बढ़कर 17वें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगभग 1.5 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं।
कैग रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि असम की बेरोजगारी दर घटकर 3.9 प्रतिशत हो गई है, जो राष्ट्रीय औसत 6.5 प्रतिशत से कम है। वहीं, राज्य की प्रति व्यक्ति आय 2020-21 के 86,947 रुपये से बढ़कर 2024-25 में 1,59,185 रुपये हो गई है।
-----------

