असम को सेमीकंडक्टर हब और रेल संपर्क मजबूत करने के लिए केंद्र से सहयोग की मांग

गुवाहाटी, 02 जुलाई, (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य के औद्योगिक और आधारभूत ढांचा विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य को भारत के उभरते सेमीकंडक्टर क्षेत्र में प्रमुख भूमिका दिलाने के लिए केंद्र के मार्गदर्शन और सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने असम में सेमीकंडक्टर निर्माण, पैकेजिंग तथा इससे जुड़े अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम उद्योगों के विकास के लिए केंद्र के सहयोग का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने रेल अवसंरचना से जुड़े कई अहम प्रस्ताव भी उठाए। इनमें लंका से उमरांग्सो तक नई रेल लाइन के निर्माण का प्रस्ताव शामिल है, जिससे पहाड़ी जिलों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। इसके अलावा भारत-भूटान रेल परियोजना में तेजी लाने की भी मांग की गई, ताकि क्षेत्रीय संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

हिमंत बिस्व सरमा ने विश्वास जताया कि इन पहलों के सफल क्रियान्वयन से असम के औद्योगिक विकास, आधारभूत ढांचे के विस्तार और आर्थिक परिवर्तन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार के साथ लगातार समन्वय बनाए रखेगी।

-----------

   

सम्बंधित खबर