चिकित्सकाें के तबादलाें के विराेध में विधायक से मिले आशा वर्कर

हल्द्वानी , 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखण्ड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन (ब्लॉक हल्द्वानी) के शिष्टमंडल ने आज हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट कर हल्द्वानी के प्रमुख सरकारी अस्पतालों सुशीला तिवारी चिकित्सालय, डॉ. सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय व महिला चिकित्सालयसे विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादलों के विराेध में ज्ञापन साैंपा।

शिष्टमंडल ने विधायक हृदयेश को बताया कि हल्द्वानी कुमाऊं का प्रवेश द्वार होने के कारण पर्वतीय क्षेत्रों सहित पूरे कुमाऊं मंडल के लाखों लोग बेहतर उपचार के लिए यहां के सरकारी अस्पतालों पर निर्भर हैं। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सकों का एक साथ बड़े स्तर पर स्थानांतरण होने से स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित होने की आशंका है, जिसका सीधा असर गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों तथा दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले लोगों पर पड़ेगा। यूनियन की ओर से मांग की गई कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इन थोक तबादलों पर पुनर्विचार किया जाए तथा सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, जिससे आम जनता को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होती रहें।

इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को सरकार के समक्ष पूरी मजबूती से रखा जाएगा व हर संभव प्रयास किया जाएगा कि हल्द्वानी सहित पूरे कुमाऊं की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित न होने पाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर उनकी आवाज़ को सदन से लेकर सरकार तक प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। इस दौरान पार्षद रवि जोशी, हेमंत साहू, रिंकी जोशी, रेशमा, सुनीता महरा, रेनू घुघुतियाल, प्रीति सरोज, रीना बाला, मीना शर्मा, सायमा, मंजू आर्या, जसोदा एवं सरिता साहू उपस्थित रहीं।

   

सम्बंधित खबर